प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अरनोद थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एमडी (मादक पदार्थ) बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल जब्त कर एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। जब्त किए गए केमिकल का कुल वजन 46 किलो 62 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था केमिकल यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जौघा और वृत्ताधिकारी अरनोद चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में 21 मार्च को थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम देवल्दी से पडुनी मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान के पास एक नाले में पहुंची। वहां पेड़-पौधों और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए केमिकल बरामद किए गए। तलाशी के दौरान पुलिस को 6 जरीकेन में एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले एमडीसी, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, अमोनिया, ब्रोमो, एसीटोन और एमएमए जैसे केमिकल मिले। मौके से प्लास्टिक की बाल्टी, कांच का जार, स्टील की तपेली, इलेक्ट्रिक हीटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हेलोजन लाइट और मैग्नेटिक स्टिरर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। एक आरोपी नामजद पुलिस ने मौके से सभी सामग्री जब्त कर थाना अरनोद में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस मामले में देवल्दी निवासी अरबाज पुत्र कय्यूम खान को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
