बूंदी जिले की करवर थाना पुलिस ने सुअर चोरी के एक मामले में चार महीने से फरार चल रहे वांछित आरोपी सुगन (32) पुत्र ठालूराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी बांसी, थाना देई, जिला बूंदी का निवासी है। यह गिरफ्तारी बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के निर्देशन और वृताधिकारी नैनवा राजूलाल मीणा के सुपरविजन में करवर थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम को मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर फरार आरोपी सुगन को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 10 सुअर बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई एक पिकअप गाड़ी भी जब्त की गई है। आरोपी सुगन के खिलाफ करवर पुलिस थाना में सुअर चोरी का मामला दर्ज था। वह पिछले चार महीने से फरार चल रहा था। उसका वर्तमान पता मरडिया बस्ती, कुन्हाडी, कोटा शहर है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा, हेड कॉन्स्टेबल रूपसिंह, हेड कॉन्स्टेबल जगदीश प्रसाद और कॉन्स्टेबल कमलसिंह शामिल थे।