सिरोही जिला अस्पताल में कार्यरत 106 संविदा और निविदा कर्मचारी पिछले पांच महीने से बिना वेतन के काम कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि वे एक घंटे के लिए भी काम का बहिष्कार करते हैं, तो उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी दी गई है। ये कर्मचारी लंबे समय से जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। जब कर्मचारियों ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. वीरेंद्र महात्मा को एक घंटे के कार्य बहिष्कार की अनुमति के लिए लिखित सूचना दी, तो उन्हें बताया गया कि ऐसा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मलकेश मीणा ने कर्मचारियों से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने संबंधित कंपनी को पूरा भुगतान कर दिया है।