ब्यावर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोल्डन प्रोसेस फैक्ट्री में मंगलवार रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार और कार्यालय के ताले तोड़कर 50 हजार रुपए से अधिक का सामान चुरा लिया। फैक्ट्री मालिक मुस्ताक अली ने पुलिस को बताया कि 17 मार्च की शाम को रोजाना की तरह फैक्ट्री बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 11:46 बजे दो अज्ञात चोर फैक्ट्री में घुस गए। चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा, फिर कार्यालय में प्रवेश कर अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए। चोर कार्यालय से लैपटॉप, टीवी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी सुबह करीब 3:30 बजे पास की फैक्ट्री में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन पर मुस्ताक अली को दी। इसके बाद मुस्ताक अली मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी करवाई और पीड़ित मुस्ताक अली की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया गया है कि चोरों ने फैक्ट्री में लगे जंगले को तोड़ने का भी प्रयास किया और कुल 6 ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस फिलहाल आसपास की फैक्ट्रियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।