झुंझुनूं में बुधवार को अचानक मौसम बदल गया। सुबह जहां तेज धूप थी, वहीं दोपहर बाद तेज अंधड़ और गरज के साथ हुई बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। इस दौरान ठंडी हवा भी चली। मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार- बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर कम हुआ है, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दिन की शुरुआत सामान्य दिनों की तरह तेज धूप हुई थी। लेकिन दोपहर बाद अचानक उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने जोर पकड़ा और देखते ही देखते आसमान में काले घने बादलों का डेरा जमा हो गया। इसके कुछ ही देर बार 10 से 15 मिनट तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा। जिले में अधिकतम तापमान जहां 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। भीषण गर्मी से मिली राहत
जिले के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी था, इस बीच बुधवार को हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस लीं। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही जिले में धूलभरी आंधी और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। ऐसे में बारिश होने से विभाग का पूर्वानुमान सही रहा और जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई।