टोंक के झिराना थाना क्षेत्र में नागजी मोड़ के पास सोमवार रात 8.55 बजे इफ्तार के बाद ईद की खरीददारी कर लौट रहे बाइक सवारों का दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कठमाणा मस्जिद के मौलाना फारुख (22) पुत्र मुन्ना खां और उसका भतीजा शोहेब (15) पुत्र आरीफ की मौत हो गई, जबकि दूसरा भतीजा आदिल (14) पुत्र शरीफ खां गंभीर घायल है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। झिराना थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:55 बजे रानोली और कठमाणा के बीच नागजी मोड़ पर ईको वैन ने बाइक को टक्कर मारने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत रानोली अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार वाहन झिराना थाना क्षेत्र का है, हालांकि गाड़ी किसके नाम रजिस्टर है, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में मध्यरात्रि बाद करीब 3:20 बजे अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक साथ उठी चाचा-भतीजे का जनाजा मंगलवार को पीपलू अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोपहर करीब तीन बजे गमगीन माहौल में चाचा और भतीजे का एक साथ जनाजा उठा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शाम को दोनों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इफ्तार के बाद निकले थे ईद की खरीददारी के लिए शोहेब के पिता आरीफ ने बताया कि सोमवार शाम रोजा इफ्तार करने के बाद फारुख, शोहेब और आदिल तीनों बाइक से रानोली में ईद त्योहार की खरीददारी करने गए थे। खरीददारी के बाद जब वे लौट रहे थे, तब रात पौने आठ बजे नागजी मोड़ के पास यह हादसा हो गया।
एंबुलेंस नहीं पहुंची, ग्रामीणों ने दिखाई मदद हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से तीनों घायलों को मोटरसाइकिलों पर बैठाकर रानोली अस्पताल पहुंचाया। रानोली अस्पताल में डॉक्टर जितेन्द्र सिंह गुर्जर ने तीनों को सीपीआर दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने फारुख और शोहेब को पीपलू अस्पताल रेफर किया, जबकि आदिल को जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान मौलाना फारुख और उसके भतीजे शोहेब ने दम तोड़ दिया। वहीं आदिल का जयपुर के अस्पताल में इलाज जारी है।
मौलाना था फारुख फारुख कठमाणा गांव की मस्जिद में मौलाना का काम करता था। उसकी मौत से गांव में शोक की लहर है। वहीं शोहेब गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ाई कर रहा था और उसकी परीक्षाएं चल रही थीं।जबकि दूसरा घायल भतीजा टोंक के सरकारी स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ता है। एंबुलेंस देरी पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल ग्रामीण भंवरलाल मीणा और हर्ष मीणा ने बताया कि समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। अगर एंबुलेंस समय पर पहुंचती, तो शायद हालात कुछ और हो सकते थे। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। इनपुट: सुमेर सिंह, रानोली
