सिरोही जिले के देलदर गांव की छात्रा शबनम बानो का राजस्थान अंडर-17 हॉकी टीम में चयन हुआ है। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल देलदर की इस छात्रा ने अपनी खेल प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शबनम बानो एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता शकुर खान स्वयं पूर्व हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया। शबनम का चयन शारीरिक शिक्षक अयूब खान पठान और रंजी स्मिथ के मार्गदर्शन में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद गांव में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। शबनम बानो अब 20 मार्च को रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होने वाली खेलो इंडिया नेशनल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके बाद, वह 1 अप्रैल से रांची (झारखंड) में होने वाली सब-जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगी।
