दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई सुभदीप सिंह का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर उनके प्रशंसक सिद्धू मूसे वाला की हवेली पर बधाई देने पहुंच रहे हैं। प्रशंसक छोटे सुभदीप के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मना रहे हैं। सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता, चरण कौर और बलकौर सिंह घर आए सभी लोगों का स्वागत कर रहे हैं। दो वर्ष के हो गए सुभदीप सुभदीप आज दो वर्ष के हो गए हैं। सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसक बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच रहे हैं और छोटे सुभदीप के साथ केक काटकर खुशी मना रहे हैं। माता-पिता चरण कौर और बलकौर सिंह घर आने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरह लोग उनके बड़े बेटे को प्यार करते थे, उसी तरह छोटे बेटे को भी उतना ही प्यार मिल रहा है। प्रशंसकों ने ली सेल्फी सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि भले ही उनका बड़ा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन प्रशंसकों ने कभी उसकी कमी महसूस नहीं होने दी। वहीं, सिद्धू मूसे वाला की माता चरण कौर ने कहा कि वाहेगुरु ने उनके घर में फिर से खुशियां दी हैं, जिसके चलते लोग उनके छोटे बेटे के साथ भी प्यार कर रहे हैं और तस्वीरें खिंचवाकर उसका जन्मदिन मना रहे हैं। 2022 में की गई थी मूसेवाला की हत्या गौरतलब है कि पंजाबी गायक और रैपर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 28 वर्षीय मूसेवाला अपनी थार कार में थे, जब हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह ने ली थी।