डीडवाना में सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति और जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने गैस एजेंसियों में सिलेंडरों की उपलब्धता और बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने जिला रसद अधिकारी को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो।
आगामी राजस्थान दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका, डीटीओ सुप्रिया विश्नोई और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।