उदयपुर से दिल्ली और हरिद्वार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आने वाला सप्ताह मुश्किल भरा हो सकता है। दिल्ली और शाहदरा स्टेशनों के बीच यमुना नदी पर बने पुराने लोहे के पुल की जगह अब नए ब्रिज (संख्या 249) का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस बड़े प्रोजेक्ट और तकनीकी ब्लॉक के कारण उत्तर रेलवे ने उदयपुर से जुड़ी मुख्य ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया है। फिलहाल यह बदलाव 1 से 2 दिनों के लिए किया गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ये ट्रेनें 17 मार्च को अपने निर्धारित स्टॉपेज यानी ‘दिल्ली मुख्य स्टेशन’ पर नहीं रुकेंगी। ऐसे में जो यात्री दिल्ली उतरने की योजना बना रहे थे, उन्हें अब अपनी यात्रा की प्लानिंग दोबारा देखनी होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस निर्माण कार्य की वजह से उदयपुर सिटी से ऋषिकेश जाने वाली और वहां से लौटने वाली ट्रेनों पर सीधा असर पड़ेगा। उदयपुर की इन दो प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा असर
17 मार्च (मंगलवार) को उदयपुर सिटी से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 09609 (उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश) अपने नियमित मार्ग के बजाय अब दिल्ली कैंट-दिल्ली सराय-नई दिल्ली-तिलकब्रिज-साहिबाबाद होकर चलेगी। इस बदलाव के कारण यह ट्रेन दिल्ली स्टेशन पर नहीं रुकेगी। इसी तरह, वापसी में गाड़ी संख्या 19610 (योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी) जो 17 मार्च को ऋषिकेश से रवाना होगी, वह भी बदले हुए रूट से आएगी। यह ट्रेन नोली-दिल्ली शाहदरा-तिलकब्रिज-नई दिल्ली-दिल्ली सराय-दिल्ली कैंट होकर संचालित होगी। रूट बदलने की वजह से यह ट्रेन दिल्ली शाहदरा और दिल्ली मुख्य स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। उदयपुर लौटने वाले यात्रियों को अब इन स्टेशनों के बजाय वैकल्पिक स्टेशनों पर उतरना होगा। राजस्थान के अन्य शहरों की कनेक्टिविटी भी प्रभावित
उदयपुर के अलावा अजमेर (दौराई), साबरमती और जोधपुर (भगत की कोठी) से दिल्ली होकर जाने वाली ट्रेनों को भी डायवर्ट किया गया है। रेलवे ने पुल के निर्माण और इंटरलॉकिंग के काम के चलते यह ब्लॉक लिया गया है। उदयपुर के यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन पकड़ने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे की हेल्पलाइन पर अपने रूट की जानकारी जरूर ले लें, ताकि बीच रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।
