खैरथल-तिजारा जिले में सोमवार को स्वस्थ खान-पान और मोटे अनाज (मिलेट) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वॉकथॉन रैली और मिलेट मेले का आयोजन किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं चिकित्सा विभाग ने यह कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और युवाओं ने भाग लिया। एडीएम ने रैली को दिखाई हरी झंडी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि यह आयोजन खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए स्वीकृत कार्यक्रम का हिस्सा था। सोमवार सुबह 8:30 बजे अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने जिला कलेक्टर कार्यालय, खैरथल से वॉकथॉन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली खैरथल के विभिन्न मार्गों से गुजरी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, हरसोली रोड परिसर में समाप्त हुई। 300 प्रतिभागियों को व्यंजन परोसे खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने जानकारी दी कि रैली के समापन के बाद अस्पताल परिसर में मिलेट मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य मोटे अनाज के पोषण महत्व और स्वच्छ, संतुलित खान-पान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मेले में लगभग 300 प्रतिभागियों को मोटे अनाज से बने पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। इनमें मूंग का सलाद, चने का सलाद, बाजरे की खिचड़ी, बाजरे की टिक्की और छाछ जैसे खाद्य पदार्थ शामिल थे। प्रतिभागियों को इन व्यंजनों को बनाने की विधि भी बताई गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित करना और मिलेट आधारित खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देना है। ये रहे मौजूद इस अवसर पर डिप्टी सीएमएचओ डॉ. पूरणमल, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रुपेश चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी खैरथल डॉ. नितिन, तिजारा नर्सिंग कॉलेज से मनोज यादव, राजकुमार, मुकेश सहित मेडिकल स्टाफ के मनोज चौधरी, अनिल यादव, मोहित चौधरी, प्रवीण कुमार, अमनप्रीत, सौरभ कुमार, अभिमन्यु, पवन सिंह, महिपाल सिंह, जतिन यादव और राकेश सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
