डीडवाना में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक फास्टैक (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स के लिए है। कार्यक्रम मंगलवार, 17 मार्च को टाउन हॉल, मेला मैदान डीडवाना में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि यह प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी फूड हैंडलर्स को फूड अथॉरिटी की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। डॉ. चौधरी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण में जिले के मिठाई विक्रेता, अन्नपूर्णा रसोई के फूड हैंडलर्स, मिड डे मील के कुक, विभिन्न आवासीय विद्यालयों के भोजन बनाने वाले कर्मचारी, राजीविका समूह के सदस्य और आशा सहयोगिनी सहित सभी प्रकार के खाद्य व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त, होटल-रेस्टोरेंट संचालक, डेयरी संचालक, थोक व खुदरा किराना व्यापारी, घी-तेल व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय की थड़ी संचालक, कचोरी-पकौड़ी बनाने वाले और स्ट्रीट वेंडर्स भी इस प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को रियूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) के उपयोग और उससे होने वाले नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने के नियमों के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड की छाया प्रति लाना अनिवार्य होगा।