अलवर के राजगढ़ कस्बे में स्टेशन रोड पर रविवार सुबह गैस एजेंसी के बाहर सैकड़ों लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गए। लाइन में लगने के बाद भीड़ और बढ़ गई। आखिर में बताया गया कि रविवार को एजेंसी नहीं खुलेगी, जिसके बाद आमजन का आक्रोश बढ़ गया। बाद में पुलिस ने आकर भीड़ को हटाया। अलवर शहर में पिछले चार दिनों की तुलना में अब सिलेंडर मिलने लगे हैं। जल्दी ही कॉमर्शियल सिलेंडर मिलने की उम्मीद है। यहां आए ग्राहकों ने कहा- एक दिन पहले सिलेंडर बुक कराकर गए थे। एजेंसी के कर्मचारियों ने रविवार को सिलेंडर ले जाने को बोला था। इस कारण सिलेंडर लेने आ गए। अब यहां आने पर बताया गया कि एजेंसी बंद रहेगी, आज अवकाश है। एजेंसी मालिक बोले – सिलेंडर देने का इंतजाम कर रहे महिला निर्मला शर्मा ने कहा- एक चाय बनाने का इंतजाम नहीं है। अब कैसे काम चलाएं। शनिवार को एजेंसी के कर्मचारियों ने कहा था कि रविवार को आकर सिलेंडर ले जाना। हम 9 बजे की बजाय सुबह 8 बजे ही पहुँच गए, लेकिन एजेंसी नहीं खुली। एजेंसी के मालिक चेतन जैफ का कहना है कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने का इंतजाम कर रहे हैं। पुलिस ने हटाया तो नाराज हुए लोग उपभोक्ता भीखाराम सैनी ने बताया- सुबह 5 बजे से सिलेंडर के लिए एजेंसी पर आ गया था। यहां आकर देखा तो एजेंसी बंद पड़ी है। रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बात कर आश्वासन दिया कि गाड़ी आ रही है, सभी को सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आकर भीड़ को रोड के ऊपर से हटाया, जिसके बाद लोग ज्यादा नाराज हो गए।
