जोधपुर के भगत की कोठी पाली रोड पर आज सड़क हादसा सामने आया है। यहां पर भगत कोठी से पाली की तरफ जाने वाले मार्ग पर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पैदल चल रहे लोगों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में एक महिला और उसके दो बच्चों को चोट लगी। जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मिलकर उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया। इधर हादसे के के बाद सड़क पर भी दोनों छोर पर जाम लग गया। ऐसे में मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से जाम खुलवाया गया। इस हादसे में सिटी बस चालक की लापरवाही भी सामने आई है। निर्धारित रूट पर सवारी छोड़ने के बजाय उसने सड़क पर ही महिला और बच्चों को उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह 12:20 के करीब भगत की कोठी पाली रोड पर एक फॉर्च्यूनर जा रही थी। सड़क पर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ सिटी बस से उतरकर सड़क पार कर रही थी। अचानक उन्हें सामने देखकर फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर जा चढ़ी। जबकि महिला और उसके दो बच्चे चोटिल हो गए। घटना के बाद पुलिस निरीक्षक सुरेश चौधरी मौके पर पहुंचे। बाद में करीब आधे घंटे बाद क्रेन की मदद से गाड़ी को हटवाया गया। इस दौरान मौके पर निकल रहे वाहन चालक भी घटना से जुड़ी जानकारी लेते नजर आए।