कोटा शहर में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि पहले रायपुरा केथून रोड पर आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की तीन गाडियो को भेजा गया। यहां अलजाना रिसोर्ट के पास एक एरिया में गेहूं की फसल थी। जिसमें आग लग गई थी। तीन दमकल की गाड़ियों ने यहां पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसी दौरान बालाजी मार्केट रजत सिटी के बिल्डिंग के पास आग की सूचना मिली थी। जिस पर मौके पर एक दमकल को भेजा गया। आग एक बाउंड्री के अंदर झाड़ियों में लगी थी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं इसी दौरान शहर के ट्रेचिंग ग्राउंड में भी आग लगने की घटना हुई, जिससे वहां धुआं उठता दिखाई दिया। ट्रेचिंग ग्राउंड में लगातार बार बार आग लगने की घटना हो रही है। मौके पर ही दमकलों को तैनात किया हुआ है जो आग बुझा रही हैं। वहीं थर्मल क्षेत्र के पास भी आग लगने की सूचना मिली। लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद दमकल विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं। फिलहाल सभी स्थानों पर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। तेज गर्मी में हर बार आग लगने की घटनाएं बढ़ती है।