नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने झालावाड़ की मिश्रौली एमडीएम ड्रग फैक्ट्री में छापेमारी के बाद फरार हुए दो इनामी तस्करों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान गोपाल और नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। एएनटीएफ ने इन्हें मध्यप्रदेश के दो अलग-अलग गांवों से पकड़ा और झालावाड़ पुलिस को सौंप दिया। गौरतलब है कि जनवरी माह में झालावाड़ की भवानीमंडी और मिश्रौली पुलिस ने मिश्रौली के आमलियाखेड़ा स्थित एक पशु बाड़े में कार्रवाई की थी। इस दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बनाने का केमिकल जब्त किया गया था। हालांकि, दोनों फैक्ट्री संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। एसपी अमित कुमार ने बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी गोपाल सिंह और नरेंद्र सिंह मध्यप्रदेश के आगर जिले के बड़ोद थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपे हुए हैं। इस सूचना पर एएनटीएफ की टीम बड़ोद थाना क्षेत्र के पीपलोन और सुदवास गांव पहुंची। टीम ने खुद को फसल काटने वाली कंबाइन हार्वेस्टर मशीन के ऑपरेटर के रूप में प्रस्तुत किया और आरोपियों के रिश्तेदारों के घरों व खेतों की रेकी की। इसके बाद टीम ने अलग-अलग हिस्सों में बंटकर आरोपियों के ठिकानों पर छापा मारा और दोनों को बीती रात गिरफ्तार कर लिया।