डीडवाना में राजस्थान दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 14 से 19 मार्च तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्थान दिवस से संबंधित सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार, 14 मार्च को सुबह 8:30 बजे जिला मुख्यालय स्थित अहिंसा सर्किल पर स्वच्छता कार्यक्रम होगा। इसके बाद 15 मार्च को सुबह 7 बजे बांगड़ अस्पताल चौराहा से पंडित बच्छराज विद्यालय तक ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सुबह 10 बजे टाउन हॉल में ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 17 मार्च को राजकीय कॉलेजों और स्कूलों में ‘राजस्थान को जानें’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। साथ ही, जयपुर में होने वाले राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। शाम 5 बजे जिले के उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी निर्धारित है। 18 मार्च को किसान एवं पशुपालन समृद्धि दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। शाम को डीडवाना स्थित शीतल कुंड बालाजी मंदिर में आरती कार्यक्रम का आयोजन होगा। 19 मार्च को राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा, जिसमें लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ हस्तांतरित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शाम को टाउन हॉल में पद्मश्री गायिका बेतुल बेगम और लोक कलाकार सवाई भाट का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
