तेजी से बढ़ रही आँखों से सम्बंधित बीमारियों के इलाज और उनकी रिसर्च की जानकारी साझा करने के लिए देश-विदेश के सैंकड़ों आंखों से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टर्स जयपुर में जुटेंगे। ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की 84वीं एनुअल कॉन्फ्रेंस कल से सीतापुरा स्थित जेईसीसी सेंटर में होगी। इस कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। कॉन्फ्रेंस के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि 12 से 15 मार्च तक होने वाली इस कॉन्फ्रेंस के पहले ही दिन एक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम किया जाएगा, जिसमें फलों को रखकर एक वाक्य ‘हेल्दी आईज, हैप्पी लाइफ’ लिखा जाएगा। इसमें अलग अलग तरह के फल क्रम से रखे जाएंगे। ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. वीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि इस चार दिवसीय इस कॉन्फ्रेंस में भारत सहित विदेशों से लगभग आठ हजार से अधिक नेत्र रोग विशेषज्ञ, शोधकर्ता और इंडस्ट्री लीडर्स हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम चिकित्सा जगत में ज्ञान के आदान-प्रदान और नई तकनीकों को साझा करने का एक बड़ा मंच बनेगा। साइंटिफिक कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. नम्रता शर्मा ने बताया- कॉन्फ्रेंस का मुख्य फोकस ऑप्थल्मोलॉजी की पूरी रेंज पर रहेगा। इसमें मोतियाबिंद, रेटिना, कॉर्निया और ग्लूकोमा की आधुनिक सर्जिकल तकनीकें, पीडियाट्रिक ऑप्थल्मोलॉजी, न्यूरो-ऑप्थल्मोलॉजी और ऑक्यूलर ऑन्कोलॉजी पर जैसे कई विषयों पर सेशन रखे जाएंगे। उन्होंने बताया- ये कॉन्फ्रेंस ऑप्थैल्मिक साइंस और टेक्नोलॉजी में हो रहे बदलावों को समझने का शानदार प्लेटफार्म होगा।

You missed