डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के ओडा बड़ा गांव में एक बुजुर्ग पर हमला किया गया है। अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग को पीटा, जिससे उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना तब हुई जब ओडा बड़ा निवासी हकरा पुत्र देवा खराड़ी कनबा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे 4 से ज्यादा अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने बुजुर्ग पर लट्ठ और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में हकरा खराड़ी लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने निजी वाहन की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बुजुर्ग के मुंह पर चार टांके लगाए हैं। फिलहाल उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है।
