त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है। इसी के मद्देनजर अमृतसर में सेहत विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए शहर की कई दुकानों पर छापेमारी की जा रही है। शुक्रवार को अमृतसर के एक नामी बेकरी फ्लोर फेरी में सेहत विभाग की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई सहायक फूड कमिश्नर रजिंदर पाल सिंह की अगुआई में की गई। छापेमारी के दौरान बेकरी की रसोई में कई खामियां पाई गईं। सेहत मानकों का उल्लंघन रसोई में काम कर रहा स्टाफ बिना मास्क और दस्ताने के नजर आया, जो साफ-सफाई और सेहत मानकों का उल्लंघन है। सेहत विभाग ने मौके पर ही बेकरी मालिक को चेतावनी दी और नोटिस जारी किया गया। त्योहारों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें बेकरी संचालक को सख्त हिदायत दी गई है कि जल्द से जल्द रसोई की सभी खामियों को दूर किया जाए, वर्ना आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक फूड कमिश्नर रजिंदर पाल सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हमने आज फ्लोर फेरी बेकरी में रसोई का निरीक्षण किया। वहां पर काम कर रहे कर्मचारी बिना मास्क और ग्लब्स के थे। हमने तुरंत बेकरी मालिक को चेतावनी दी है और कहा है कि सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अमृतसर और आसपास के तमाम खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि त्योहारों के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। विभाग की ओर से नियमित छापेमारी की जाएगी और जो भी लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
