झालावाड़ में शहर के गढ़ पैलेस के पास स्थित सरकारी डिस्पेंसरी के ऊपर बने एक कमरे में सोमवार सुबह एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सचिन (36) पुत्र गोपी वल्लभ, निवासी नई बस्ती, अकलेरा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसने शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है और उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा अज्ञात कारणों के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आई है।
अस्पताल चौकी प्रभारी भीम सिंह ने परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।