रमजान माह के दौरान जयपुर में मौलाना फजलुर्रहीम फाउंडेशन की ओर से सेवा, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश दिया जा रहा है। फाउंडेशन की टीम शहर के विभिन्न मुख्य बाजारों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों और रोज़ेदारों को इफ्तार किट वितरित कर रही है। इस पहल की खास बात यह रही कि इफ्तार किट केवल मुस्लिम रोज़ेदारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बाजारों में मौजूद सभी समुदायों के दुकानदारों और लोगों को भी वितरित की गई। इसके माध्यम से समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया। संस्था की संस्थापक डॉ. समरा सुल्ताना ने बताया कि रमज़ान का महीना मुसलमानों के लिए बेहद अहम होता है। इस दौरान लोग इबादत के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद को भी अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और इंसानियत की भावना को बढ़ावा देना है। इसी सोच के साथ मौलाना फ़ज़लुर्रहीम फ़ाउंडेशन की टीम रमज़ान के पूरे महीने जयपुर के अलग-अलग मुख्य बाजारों और इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच इफ्तार किट वितरित करने के साथ भाईचारे और इंसानियत का संदेश दे रही है। आगे पढ़ें जयपुर की अन्य खबरें…