अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज झालावाड़, जिला अस्पताल झालरापाटन, सभी उप जिला चिकित्सालयों, सैटेलाइट अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर पात्र बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश नागर ने बताया कि सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूक करना और अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं (14 वर्ष आयु वर्ग) का टीकाकरण सुनिश्चित करना था। टीकाकरण सत्रों के दौरान चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों ने बालिकाओं और उनके अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व, लाभ और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरे जिले में उत्साहपूर्वक टीकाकरण सत्र आयोजित किए और इस अभियान का लाभ अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया।
बाइक और स्कूटी की टक्कर में 4 लोग घायल झालावाड़ में रविवार सुबह बिंदा गांव के टोल के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को झालावाड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार पिता, पुत्र और भतीजा अपने गांव पिपलिया से रायपुर के पास रावल डावल भेरूजी महाराज के एक कार्यक्रम में भोजन करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार झालरापाटन निवासी चिंटू सुमन (पुत्र लीलाधर सुमन) और बाइक पर पीछे बैठे अर्पित जाट (पुत्र गौरीशंकर जाट) के पैरों में फ्रैक्चर हो गया। दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद रिडकोर मेगा हाईवे एंबुलेंस की सहायता से चारों घायलों को तुरंत झालावाड़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।