अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अस्मिता लीग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को खेल संकुल, झालावाड़ में किया गया। इसमें बालिकाओं ने प्रतियोगिता में सक्रिय रूप से भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और माय भारत झालावाड़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के तहत तीन आयु वर्गों 0–13 वर्ष, 13–18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खेल अधिकारी कृपा शंकर शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल एवं एनएसएस जिला संयोजक डॉ. चारूलता तिवारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) जयपाल यादव और जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ उपस्थित थे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बालिकाओं ने प्रतियोगिता में सक्रिय रूप से भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कृपा शंकर शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डॉ. चारूलता तिवारी ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि खेल आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। वहीं, जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने माय भारत एवं खेलो इंडिया की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और युवाओं से इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। प्रतियोगिता के परिणामों में 100 मीटर दौड़ में सोनिया मीणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में रानू भील प्रथम रहीं। 400 मीटर दौड़ में सोनिया विजेता घोषित की गईं। इस आयोजन में एपीएस हरि वल्लभ रेगर, पीसीए विशाल चौधरी, पंकज सैन, मनीष सैन, दुर्गेश सैन, विनोद कुमार, गायत्री, सुनीता, महेश, राजेंद्र, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में छात्राएं, स्वयंसेवक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
