सलूम्बर में आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत डगार स्थित राजकीय स्कूल में आरोग्य मित्र और आरोग्य सखी का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष डगार के अंतर्गत हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आरोग्य मित्र और आरोग्य सखी को 13 विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उद्बोधन के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण के मुख्य विषयों में घरेलू उपचार, वनौषधियों की जानकारी, आहार-विहार, रक्तचाप (बीपी) और शुगर की जांच, तापमान मापना, प्रथमोपचार, आदर्श दिनचर्या, ऋतुचर्या, तंबाकू मुक्त जीवन और पर्यावरण प्रशिक्षण शामिल थे। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ नागरिकों, किशोरी बालिकाओं और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुर्वेद विभाग से डॉ. जितेंद्र जोशी, हीरालाल सुथार और आयुष मित्र उषा जैन ने सहयोग किया। शिक्षा विभाग से पीआईईओ भूपेंद्र चौबीसा, इंदरलाल पांचाल और दलजी पटेल सहित अन्य स्टाफ सदस्यों मौजूद रहा।
