हनुमानगढ़. जिले में किन्नू बाग लगाने वाले किसानों को इस बार रिकॉर्ड भाव मिले हैं। बताया जा रहा है कि जिन किसानों ने थोड़ा इंतजार करके बागों से फल तुड़वाए, उनको 35 रुपए प्रति किलो तक भाव मिले हैं। यह भाव अब तक का सबसे अधिक माना जा रहा है। किन्नू बागों से अच्छी कमाई होने की वजह से किसान उत्साहित हो रहे हैं।ऐसे किसानों को देखकर अन्य किसान भी बागवानी के रास्ते पर चलने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उद्यान विभाग में आकर किसान बाग लगाने के तरीके और अनुदान की जानकारी बटोर रहे हैं।उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुसार जो किसान अपने खेतों में नए किन्नू बाग लगाना चाहते हैं, उन्हें पचास हजार प्रति हैक्टेयर के हिसाब से अनुदान दिया जा रहा है। दो बरसों में उक्त अनुदान राशि किसानों के खातों में जमा करवाई जाती है। वर्तमान में बात करें तो हनुमानगढ़ जिले में करीब 4000 हैक्टेयर यानी 16000 बीघे में किन्नू बाग लगे हुए हैं। तय लक्ष्य के मुताबिक 95 हैक्टैयर मतलब 380 बीघे में नए बाग लगाने की तैयारी है। इसके तहत किसानों से आवेदन मांगे गए हैं। किन्नू उत्पादन के लिहाज से जिले की आबोहवा काफी अनुकूल है। ऐसे में किसान आमदनी बढ़ाने की दिशा में बाग लगाने को आतुर हो रहे हैं।