डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड मुख्यालय के समीप ग्राम जब्दीनगर में आज बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की टैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जाबदी नगर निवासी राधेश्याम (45) पुत्र पुरणमल, जो पंचायत सहायक पद पर कार्यरत थे, तथा शंकर लाल (43) पुत्र मन्ना लाल, जो मजदूरी का कार्य करते थे, बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे नमक से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक टैक्टर ट्रॉली मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों शंकर लाल और सूरज के मुताबिक ट्रैक्टर में नमक अधिक मात्रा में भरा हुआ था। सामने बाइक को देखकर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के चालक मूल सिंह ने घायलों को तत्काल नावा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना मिलने पर नावा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हो सका था।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक राधेश्याम के पीछे उनका बेटा और बेटी हैं, जो अभी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वहीं मृतक शंकर लाल के 13 वर्षीय पुत्री और 10 वर्षीय पुत्र हैं। शंकर अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और नमक झील में मजदूरी कर घर चलाते थे।
नावां थानाधिकारी नन्दलाल रिनवा ने बताया कि जाब्दीनगर के पास यह हादसा हुआ जिसमें दो लोगों की मौत हुई है। दोनों के शव मोर्चरी में रखवाये गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त हो गई है पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएग। ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है और चालक की भी तलाश की जा रही है।
