झालावाड़ में बढ़ती गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक पहल की गई है। कोटा निवासी समाजसेवी महावीर कुमार अग्रवाल ने ब्रह्मघाट स्थित भगवान मदनमोहनजी महाराज के मंदिर, गौतम वाटिका में एक वाटर कूलर भेंट किया है। यह वाटर कूलर उनके पूज्य पिता स्व. रामेश्वर अग्रवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर स्थापित किया गया। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। पहले शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब इस वाटर कूलर के लगने से दर्शनार्थियों और भक्तों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। वाटर कूलर के शुभारंभ अवसर पर एक सादे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी, सुरेश शर्मा, नरेश जोशी, ललित शर्मा, प्रदीप तिवारी, भवानीशंकर शर्मा, सत्यनारायण, राकेश व्यास, चन्द्रप्रकाश शर्मा सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। ट्रस्ट अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी ने महावीर अग्रवाल और उनके परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिता की स्मृति में किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे सहयोग की भावना मजबूत होती है। उपस्थित अन्य लोगों ने भी इस सुविधा की सराहना करते हुए इसे मंदिर आने वाले हजारों भक्तों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
