बूंदी में धुलंडी पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक नगरी बूंदी रंगों की फुहार में सराबोर नजर आई। स्थानीय लोगों के साथ विदेशी सैलानियों ने भी होली खेली, जिससे शहर में रंग-गुलाल की धूम रही। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में होली का अलग ही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही गांवों में टोलियां बनाकर लोग जमा हो गए और एक-दूसरे के कपड़े फाड़कर ‘कपड़े फाड़ होली’ खेली। शहरों में सुबह की पहली किरण के साथ ही गलियां रंग-बिरंगी खुशियों से भर उठीं। हर ओर ‘होली है’ की गूंज सुनाई दे रही थी, जिससे वातावरण उत्सवमय हो गया। अल सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान के साथ रंगों की होली खेलकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रांगणों में गुलाल की लालिमा और फूलों की खुशबू ने भक्तिमय माहौल बना दिया। इसके बाद शहरवासियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर धुलंडी की शुभकामनाएं दीं। छोटे-बड़े, युवा-बुजुर्ग सभी ने गिले-शिकवे भुलाकर रंगों के इस पर्व को प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया। शहर की गलियां और चौक-चौराहे रंगों से सराबोर दिखाई दिए। लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए। घर-घर जाकर मित्रों और रिश्तेदारों को गुलाल लगाकर बधाई देने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। युवक-युवतियां समूह बनाकर होली गीतों पर थिरकते दिखे, वहीं बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने पिचकारियों से रंगों की बौछार कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। इससे पूर्व बीती रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। शहर सहित जिले के विभिन्न मोहल्लों और गांवों में विधि-विधान के साथ होलिका दहन हुआ। लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर परिवार की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। देर रात तक पूजा-अर्चना और पारंपरिक रस्में निभाई गईं। कई स्थानों पर आकर्षक सजावट और रोशनी के बीच होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। पूर्व मंत्री ने भी होली खेली
पूर्व खेल मंत्री हिंडोली विधायक ने अपने निजी आवास पर अंत विधायक प्रमोद जैन भैया के साथ होली खेली। इस दौरान हिंडोली, अंता, कोटा, बूंदी, झालावाड़ क्षेत्र के कई कार्यकर्ता उनके निवास पर पहुंचे। अशोक चांदना व प्रमोद जैन भाया ने एक दूसरे का हाथ पकड़कर नृत्य किया। वहीं, पूर्व कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी ने अपने निजी आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने उन्हें तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
