फाजिल्का जिले के अबोहर में पैसों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक पर घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। चंडीगढ़ मोहल्ला निवासी घायल गुलशन ने बताया कि उसके भतीजे ने कुछ समय पहले अपने मामा के बेटों रोहित और सागर से 800 रुपए उधार लिए थे। गुलशन के अनुसार, उसका भतीजा उन्हें 5000 रुपए लौटा चुका है, लेकिन अब रोहित और सागर उससे 7000 रुपए और मांग रहे हैं। घर में घुसकर मारपीट गुलशन ने आरोप लगाया कि इसी बात का विरोध करने पर रोहित और सागर ने आज उसके घर में घुसकर उससे मारपीट की। उसने यह भी बताया कि चार दिन पहले इन्हीं दोनों ने उसके दूसरे भांजे अमन से भी मारपीट की थी, लेकिन तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के घायल रोहित ने बताया कि वह इनके घर के आगे से निकल रहा था। इसी दौरान उन (पहला पक्ष) लोगों ने उससे गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने केस दर्ज किया थाना नंबर 2 के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि अमन के साथ हुई मारपीट के संबंध में रोहित, सागर और बसंती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि गुलशन के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।