लुधियाना जिले में जगराओं क्षेत्र के गांव गोरसिया मख्खन के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल एक युवक की मंगलवार सुबह मौत हो गई। एक बिना नंबर प्लेट वाले तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गांव तरफ कोटली निवासी आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाना सिधवा बेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना सिधवा बेट के एएसआई गुरमीत सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। शिकायतकर्ता नवदीप सिंह, जो तरफ कोटली के निवासी हैं, ने अपने बयान में बताया कि 24 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 7:40 बजे वह अपने गांव के आकाशदीप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर गांव सवद्दी कलां की एक दुकान पर जा रहे थे। तेज रफ्तार टेंपो ने मारी टक्कर जब वे गांव गोरसिया मख्खन के पास पहुंचे, तो सामने से एक टेंपो तेज रफ्तार में आता दिखा। शिकायतकर्ता के अनुसार, अज्ञात चालक ने वाहन को बिना रोके और लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इलाज के दौरान तोड़ा दम इस हादसे में आकाशदीप के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गए। उनका बायां पैर टखने से टूट गया था। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आकाशदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस शिकायतकर्ता नवदीप सिंह ने बताया कि यह हादसा बिना नंबर प्लेट वाले वाहन और उसके लापरवाह चालक की तेज रफ्तार के कारण हुई है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित अन्य पहलुओं पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
