फरीदकोट जिले में पुलिस के CIA स्टाफ ने कोटकपूरा में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के पास से 26 ग्राम हेरोइन समेत एक्टिवा सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कोटकपूरा के आनंद नगर निवासी जगमीत सिंह उर्फ जग्गा और प्रेम नगर निवासी सन्नी शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, CIA स्टाफ की एक टीम ने नशा विरोधी चेकिंग के दौरान बीड़ सिखांवाला रोड से सटे नेशनल हाईवे के पास संदिग्ध अवस्था में एक्टिवा के पास खड़े दो युवकों को काबू किया। तलाशी लेने पर एक्टिवा की डिग्गी से 26 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। कोर्ट से रिमांड लेकर पूछताछ करेगी पुलिस- DSP DSP कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि बरामद हेरोइन के लिंक की जांच की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से जगमीत सिंह के खिलाफ पहले से पांच और सन्नी शर्मा के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं।
