झालावाड़ की कालीदास कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते पति रामकिशन द्वारा फावड़े से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल चंदाबाई (40) की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पति फरार है। परिजनों ने बताया कि यह घटना 24 फरवरी की शाम को हुई थी। चंदाबाई ने अपने पति रामकिशन को पड़ोस के एक व्यक्ति के साथ शराब पीने को लेकर टोका था। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई।

कहासुनी के दौरान रामकिशन ने पास रखे फावड़े से चंदाबाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत झालावाड़ के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया था। पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, चंदाबाई की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। महिला के दो लड़के और एक लड़की है। वह घरों में साफ-सफाई का काम कर परिवार चलाने में सहयोग करती थी। पुलिस ने बताया कि पहले चंदाबाई के बेटे ने पिता रामकिशन के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि पिता शराब पीने का आदी है और मां ने उसे पड़ोसी के साथ शराब पीने से रोका था। अब मारपीट का यह मामला हत्या की धाराओं में बदल दिया गया है।