लुधियाना में तेजधार हथियार दिखाकर लोगों से लूटपाट करने वाले बदमाश को लोगों ने पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई की। उसके बाद लोगों ने बदमाश को थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले गई और उससे पूछताछ करने में जुटी है। चंडीगढ़ रोड स्थित सब्जी मंडी से तड़के एक युवक पैदल जा रहा था। बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया। युवक ने बचने के लिए शोर किया तो लुटेरों ने तेजधार हथियार निकालकर उसे डरा दिया। युवक की आवाज सुनकर सब्जी मंडी में सो रहे लोग बाहर आए और उन्होंने युवक को लुटेरों से छुड़ाने की कोशिश की। लुटेरों ने लोगों पर भी तलवार से हमला करना शुरू कर दिया। एक आरोपी को लोगों ने पकड़ा, दूसरा फरार सब्जी मंडी के लोगों ने युवक को उनके चंगुल से बचा लिया और एक लुटेरे को पकड़ लिया, जबकि दूसरा लुटेरा मौके से भाग गया। लोगों ने पकड़े गए लुटेरे को खंभे से बांध लिया और उसकी जमकर धुनाई की। लुटेरा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा और लोग उसकी पिटाई करता रहा। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची। सब्जी विक्रेता अजय राय ने बताया कि वर्धमान सब्जी मंडी में उनकी सब्जी की दुकानें हैं। आरोपी सुबह बाइक पर आए और उन्होंने पैदल जा रहे एक युवक को घेरकर उसे लूटने की कोशिश की। युवक ने बताया कि वह चंडीगढ़ रोड पर ऑटो से उतर कर पैदल अपने घर संजय गांधी कॉलोनी जा रहा था। जब वह सब्जी मंडी के पास पहुंचा तो वहां पर दो बाइक सवार लुटेरे लूटने लगे। जब उसने हल्ला किया तो लोगों ने उसे बचा लिया। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस आरोपी को लेकर थाना डिवीजन नंबर सात पहुंची। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अब तक की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी टिब्बा रोड का रहने वाला है और वह पहले भी कई बार तेजधार हथियार दिखाकर लोगों से लूटपाट कर चुका है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शिकायतकर्ता के बयाने के आधार पर पर्चा दर्ज कर दिया जाएगा।