हनुमानगढ़. जिला मुख्यालय पर प्रदूषण फैला रही फैक्टरियों के खिलाफ लोग मुखर हो रहे हैं। इस बीच प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीम फैक्टरियों में जाकर प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम जांचने में जुटी हुई है। फैक्टरियों से निकल रहे बदबूदार धुएं तथा प्रदूषित पानी की वजह से आसपास में बदबू का माहौल रहता है।जिला मुख्यालय पर गंगमूल डेयरी मार्ग पर तो फैक्टरियों से निकलने वाला अपशिष्ट जमा होने यहां हर समय माहौल बदबूदार रहता है। मुंह ढककर लोगों को इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। नई खुंजा क्षेत्र में फैक्टरियों की राख लोगों के छतों पर जम जाती है।इस वजह से सांस की बीमारी से लोग लगातार ग्रसित हो रहे हैं। इस बीच गुरुवार को जंक्शन के नई खुंजा में जागरूक नागरिकों ने बैठक करके बढ़ रहे प्रदूषण के खिलाफ रोष जाहिर किया। रामनिवास किरोड़ीवाल ने कहा कि जीने के लिए व्यक्ति को सबसे पहले स्वच्छ वातावरण की जरूरत पड़ती है। लेकिन हमारे यहां लोगों को स्वच्छ हवा भी नहीं मिल रही है। प्रदीप कुमार ने कहा कि फैक्टरियों से निकलने वाला धुंआ लोगों को बीमार कर रहा है। लेकिन प्रदूषण फैला रही फैक्टरियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। इस वजह से यहां के लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कतें बुजर्ग झेल रहे हैं।