सोनीपत पुलिस ने वाशिंग मशीन रिपेयर के नाम पर धोखाधड़ी करके करीब 2 लाख 98 हजार रुपए ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल छह आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनको कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत, निवासी भटिंडा (पंजाब), हरप्रीत, निवासी फाजिल्का (पंजाब), अक्षय, निवासी हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), विलाश, निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान), दीपक, निवासी छपरा (बिहार) और मनदीप उर्फ मोंटी, निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह के कुशल नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने इस गैंग को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 1 लाख रुपए, 9700 रुपए नकद, 16 मोबाइल फोन और विभिन्न बैंकों की 31 चेक बुक बरामद की हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। ऐसे दिया वारदात को अंजाम पुलिस के अनुसार, 28 जून को गांव नाहरा निवासी वीरेंद्र ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता के खाते से 2 लाख 98 हजार 931 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी वाशिंग मशीन की रिपेयरिंग के लिए गूगल पर हेयर सर्विस सेंटर सर्च किया था। वहां दिए गए नंबर पर कॉल करने पर उन्हें एक एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा गया। एप्लिकेशन डाउनलोड करने के बाद उनके खाते से पैसे कटने शुरू हो गए। पुलिस ने दी ये सलाह पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों से बचने के लिए विश्वसनीय इंटरनेट वेबसाइटों का प्रयोग करना चाहिए और जरूरत हो तभी किसी ऐप का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने लोगों से लालच में न आने और साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
