पंजाब के लुधियाना में जगराओं पुल पर अब डिजिटल हाईटेक ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम लगा दिया गया है। यह सिस्टम ट्रैफिक की भीड़ के अनुसार लाइट के समय को समायोजित करेगा, जिससे यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित होगा। इस नए सिस्टम के लगने से दुर्गा माता मंदिर की ओर से आने वाले ट्रैफिक को अब जगराओं पुल के नीचे से घूमकर नहीं आना पड़ेगा। वे सीधे निकल सकेंगे, जिससे रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। पहले, इस मार्ग पर अक्सर भारी जाम लगा रहता था, जिससे यात्रियों को परेशानी होती थी। दुर्गा माता मंदिर से आने वाला ट्रैफिक अब जाएगा सीधा एसीपी गुरदेव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दुर्गा माता मंदिर की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को घंटा घर की तरफ मोड़ दिया जाता था, जिससे ट्रैफिक पुल के नीचे से घूमकर आता था। लेकिन अब पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के नेतृत्व में नया डिजिटल हाईटेक ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम लगाया गया है। यह ट्रैफिक लाइट वाहनों की भीड़ के अनुसार समय निर्धारित करेगी। जैसे ही एक तरफ ट्रैफिक कम होगा, लाइट स्वचालित रूप से समय को कम कर देगी, जिससे लोगों का समय बचेगा। लोग ट्रैफिक नियमों की पालना करें गुरदेव सिंह ने कहा कि लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की जाती है। उन्होंने लोगों से गलत साइड पर गाड़ी चलाने और ट्रैफिक लाइट जंप करने से बचने का आग्रह किया है। पुलिस का मानना है कि नियमों का पालन करके शहर के ट्रैफिक को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।