पाली के रानी रेलवे स्टेशन पर देर रात पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद हो गया। पार्किंग कर्मचारी ने कार मालिक से पहले पार्किंग शुल्क देने और बाद में सामान कार से निकालने की बात कहीं, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। झगड़े में कार मालिक के सिर से खून निकलने लगा। घटना बुधवार रात 10.45 बजे की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि विवाद के दौरान कार मालिक ने पार्किंग कर्मचारी को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद पार्किंग कर्मचारी के साथी और परिजन भी वहां इकट्ठा हो गए और मारपीट शुरू कर दी। घटना से जुड़ी 3 PHOTOS…. बहन-भाई मुंबई जा रहे थे, छोड़ने आया था कार मालिक हेड कांस्टेबल प्रकाश कुमार ने बताया-मेडिकल शॉप चलाने वाले नाडोल निवासी भरत सिरवी अपनी बहन, बहन की बेटी और भाई को मुंबई जाने के लिए स्टेशन छोड़ने आए थे। इसी दौरान पार्किंग शुल्क पहले देने को लेकर कर्मचारी से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान उन्होंने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। भरत सिरवी का कहना है कि वे पहले परिजनों को गाड़ी से उतारने की बात कह रहे थे, लेकिन इसी बात पर पार्किंग कर्मचारी बदसलूकी करने लगा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान पास में खड़े एक टैक्सी चालक ने डंडे से वार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद टैक्सी ड्राइवर और पार्किंग कर्मचारियों के परिजन भी वहां पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। मारपीट में भरत सिरवी के सिर पर चोट लग गई। घायल को सीएचसी पहुंचाया, झगड़ा करने वाले हिरासत में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश कर शांत कराया। पुलिस ने एक पार्किंग कर्मचारी और कार मालिक को हिरासत में लिया। घायल कार मालिक का रानी सीएचसी में उपचार करवाया गया। दोनों को रात में ही छोड़ दिया गया है। वहीं, टैक्सी यूनियन के एक कर्मचारी ने बताया कि 50 पार्किंग शुल्क मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।