डीग की पहाड़ी पुलिस ने नागपुर में कंटेनर से 5 करोड़ 72 लाख रुपए के लैपटॉप और टैबलेट चोरी के मामले में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मास्टरमाइंड को अरेस्ट कर 4 करोड़ 14 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार माल को इधर-उधर छिपा रहा था। इस चोरी में ड्राइवर समेत 7 लोग शामिल थे, ये पहली गिरफ्तारी है। एसपी शरण गोपीनाथ ने बताया- मामले में मुख्य आरोपी हजरुद्दीन निवासी खलोका गांव पहाड़ी को गिरफ्तार किया हैस। इसके कब्जे से 464 लैपटॉप और टैबलेट जब्त किए गए हैं। महाराष्ट्र पुलिस के साथ पहाड़ी पुलिस और DST टीम ने ये कार्रवाई की। एसपी ने कहा- 3 मई को नागपुर से ब्लू डार्ट कंपनी का कंटेनर मोटोरोला के 641 लैपटॉप और टैबलेट लेकर रवाना हुआ था। यह कंटेनर चेन्नई से महाराष्ट्र होता हुआ बिलासपुर(छत्तीसगढ़) जा रहा था। इस दौरान ड्राइवर के साथ मिलकर 7 लोगों ने इसमें से टैबलेट-लैपटॉप चुरा लिए, जिनकी कीमत 5 करोड़ 72 लाख रुपए थी। आरोपी की लोकेशन पहाड़ी इलाके में आई एसपी ने बताया- बिलासपुर के पारशिवनी थाना इलाके में 7 लोगों ने मिलकर कंटेनर के लॉक को तोड़ा था। चोरी की घटना का पता लगने के बाद FIR दर्ज करवाई गई। महाराष्ट्र पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिर के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम डीग के पहाड़ी में आरोपी को पकड़ने के लिए पहुंची। फरार आरोपियों की पुलिस कर रही तलाश 464 लैपटॉप और टैबलेट को जब्त कर लिया गया। साथ ही चोरी के उपयोग में ली गई कार को जब्त किया गया है। इसी कार से आरोपी लैपटॉप और टैबलेट एक से दूसरी जगह लेकर गए थे। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। 176 लैपटॉप और टैबलेट भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है। इनपुट- लीलेश पाठक, पहाड़ी, डीग