जयपुर में युवकों को टोकने पर परिवार के लोगों ने पुलिस गश्ती दल से मारपीट कर दी। पुलिस गश्ती दल ने आधी रात को गली के बाहर बैठे 3 युवकों को टोका था। इस पर परिवार के लोग नाराज हो गए और घर से बाहर आकर पुलिसकर्मियों को थप्पड़-मुक्के मारे। घटना ब्रह्मपुरी थाना इलाके के गोविंद नगर वेस्ट में 16 और 17 मई की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने 4 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया और 18 मई को कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया। पहले देखिए, घटनाक्रम से जुड़े 4 PHOTOS… कहासुनी के बाद परिजन बाहर आए, मारपीट की
SHO हेमंत जनागल ने बताया- ब्रह्मपुरी इलाके के गोविंद नगर वेस्ट में पुलिस गश्ती दल से मारपीट हुई। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस जीप में हेड कॉन्स्टेबल सुशीन लाल, राम मनोहर और होमगार्ड जवान गगन सिंह रात्रिकालीन गश्त पर निकले थे। रात करीब 12:30 बजे गोविंद नगर वेस्ट में गश्त करते हुए पहुंचे। इस दौरान एक गली में तीन लड़के बाहर बैठे दिखाई दिए। बाहर बैठे होने का कारण पूछने पर एक लड़का उठकर चला गया, जबकि 2 लड़के पुलिसकर्मियों से कहासुनी करने लगे। पुलिसकर्मियों ने समझाकर युवकों को घर जाने के लिए कहा तो वे अड़ गए। इसके बाद दोनों युवकों ने जोर-जोर से हल्ला कर अपने परिवार को भी बाहर बुला लिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने के साथ ही थप्पड़-मुक्के मारे। पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा किया दर्ज
आरोपियों ने होमगार्ड जवान गगन सिंह से मारपीट के दौरान सोने की चेन तोड़कर फेंक दी। पुलिस गश्ती दल पर हमले की सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हमला करने वाले आरोपी जगजीत, उसकी पत्नी निशा, उसके बेटे, चचेरे भाई रिची तलवार को राउंडअप किया। आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा के साथ ही पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज किया है।