सीकर जिले की रहने वाले 24 साल की युवती 41 साल के आदमी के साथ चली गई। परिवार ने लव जिहाद का आरोप लगाया। हालांकि युवती खुद ही एसपी के समक्ष पेश हुई। तब उसने परिवार के साथ नहीं रहने की इच्छा जताई। युवती की सखी सेंटर से भी काउंसलिंग करवाई गई। तब भी उसने परिवार के साथ नहीं रहने की इच्छा जताई। दरअसल 29 अप्रैल को सीकर जिले की रहने वाली महिला ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई कि उनकी बेटी 28 अप्रैल को दवाई लेने के लिए घर से गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। इस बीच सोशल मीडिया पर युवती की मां का एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें उन्होंने कहा कि उनके पति की वर्कशॉप पर दूसरे समुदाय का 41 साल का एक आदमी पिछले करीब 5 साल से आता-जाता रहता था। जो उनकी बेटी को अपने साथ लेकर चला गया। हालांकि करीब दो सप्ताह बाद युवती खुद ही एसपी के समक्ष पेश हो गई। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी बुलाया। करीब 5 घंटे तक परिजनों ने समझाइश की। लेकिन युवती नहीं मानी। इसके बाद युवती को सखी सेंटर में दाखिल करवाया गया। जहां भी करीब दो दिन तक उसके साथ समझाइश की गई। तब भी युवती घरवालों के साथ रहने को तैयार नहीं हुई। युवती के बालिग होने के चलते उसने स्वतंत्र रहने की इच्छा जाहिर की। ऐसे में उसे वहां से छोड़ दिया गया। मामले में सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत का कहना है कि युवती बालिग थी जिसने स्वतंत्र रहने की इच्छा जाहिर की। परिजनों और सखी सेंटर ने भी काउंसलिंग की थी।
