डीडवाना के पूजा इंटरनेशनल स्कूल में विश्व हिन्दू परिषद और दुर्गावाहिनी के तत्वावधान में दुर्गावाहिनी प्रांत प्रशिक्षण वर्ग 17 मई से 24 मई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बहनें और कार्यकर्ता भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, शारीरिक प्रशिक्षण, योग, सेवा कार्य, संगठनात्मक गतिविधियों, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बौद्धिक सत्र, प्रेरणादायी उद्बोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल हैं।
उद्घाटन अवसर पर प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं के आत्मबल और संगठन शक्ति से समाज और राष्ट्र को नई दिशा मिलती है। दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका विनीता तनवानी ने बताया कि दुर्गावाहिनी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि संस्कार, सुरक्षा और सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह युवतियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर तथा जागरूक बनाने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल, प्रांत सह मंत्री सतीश राव, जिला अध्यक्ष प्रकाश सारड़ा, जिला संगठन मंत्री जयेश रावल और उद्घाटन सत्र के अध्यक्ष महेश टाक सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
