टोंक जिले की पीपलू थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने 2 किलो 49 ग्राम हेरोइन पकड़ी। पुलिस के अनुसार, इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 9 लाख 80 हजार रुपए है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हेरोइन की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कैंपर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। यह कार्रवाई मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अनवरनगर उर्फ भूरावाली के पास ग्रेवल रोड पर नाकाबंदी के दौरान की गई। ग्रेवल रोड पर नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए पीपलू डीएसपी रामअवतार ने बताया कि एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश और पीपलू थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने ग्राम अनवरनगर उर्फ भूरावाली के पास ग्रेवल रोड पर नाकाबंदी के दौरान बोलेरो कैंपर को रुकवाकर तलाशी ली। जांच में वाहन से 2 किलो 49 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने हनुमान प्रसाद शर्मा (37) पुत्र रामसहाय शर्मा, निवासी हरिपुरा थाना पीपलू (हाल निवासी लाम्बाकलां, थाना मेहंदवास) और अमन कुमार शर्मा (20) पुत्र छोटूलाल शर्मा, निवासी हरिपुरा थाना पीपलू को गिरफ्तार किया है। सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, बोलेरो कैंपर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। डीएसपी रामअवतार ने बताया कि मामले की जांच झिराना थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। साथ ही दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं।