जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) ने राजाखेड़ा उपखंड में बिजली चोरी और बकाया बिलों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए करीब 15 लाख रुपए की बकाया राशि वाले 20 कृषि ट्रांसफार्मर हटा दिए। कार्रवाई के दौरान 10 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही लगभग 6 लाख रुपए जमा करा दिए, जिसके बाद उनके ट्रांसफार्मर पुनः स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं जांच में बिजली चोरी और अवैध रूप से भारी लोड के उपकरणों के उपयोग के कई मामले सामने आए, जिन पर कुल 65 विजिलेंस चेक रिपोर्ट (वीसीआर) भरी गईं। बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई डिस्कॉम की इस कार्रवाई से लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर भारी बकाया राशि थी, उनके कृषि ट्रांसफार्मर हटाए गए हैं। शेष बकायेदारों को बकाया राशि जमा कराने पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। बिजली चोरी के मामले भी आए सामने अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने कई स्थानों पर बिजली के अवैध उपयोग का खुलासा किया। जांच में ऐसे उपभोक्ता मिले जो बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग कर रहे थे या मीटर बाईपास कर एयर कंडीशनर सहित अन्य भारी लोड वाले उपकरण चला रहे थे। इन मामलों में कुल 65 वीसीआर दर्ज की गईं। अभियान आगे भी रहेगा जारी विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बार-बार चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के कनेक्शन स्थायी रूप से काटे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से विद्युत तंत्र पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एसई विवेक शर्मा ने किसानों से की अपील धौलपुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि जिन कृषि उपभोक्ताओं पर 30 हजार रुपए से अधिक का बकाया है, उनके ट्रांसफार्मर उतारे जा रहे हैं। अन्य बकायेदारों के कनेक्शन काटकर बिजली आपूर्ति बंद की जा रही है। उन्होंने किसानों से समय पर बकाया राशि जमा कराने की अपील करते हुए कहा कि कृषि कनेक्शन कटने के बाद दोबारा आरसी कराने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अधिकांश कनेक्शन पुराने नामों पर दर्ज हैं और कई मामलों में भूमि का नामांतरण भी नहीं हुआ है, जिससे प्रक्रिया और जटिल हो जाती है। पुलिस बल और विद्युतकर्मी रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान मरेना जेईएन रणवीर सिंह, डिस्कॉम पुलिस, जिला पुलिस बल तथा करीब 20 विद्युतकर्मी मौजूद रहे। विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने और समय पर बिल जमा कराने की अपील की है, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।