श्रीगंगानगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुखाडिया मार्ग स्थित श्री अम्बे हॉस्पिटल में छापेमारी की। यह हॉस्पिटल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के जिला अध्यक्ष डॉ. हरीश रहेजा का है। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया- जोधपुर हाईकोर्ट और राज्य सरकार के निर्देशानुसार फायर सेफ्टी की ऑडिट चल रही है। जिसके तहत आज टीम के साथ श्री अम्बे हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। साथ ही PCPNDT और लैब की भी जांच की गई। 12वीं पास युवक कर रहा था जांच हॉस्पिटल की ओर से फायर सेफ्टी संबंधी कोई डॉक्यूमेंट उपलब्ध नहीं कराए गए। लैब में डीएमएलटी अधिकृत संचालक नहीं मिला। वहां 12वीं पास युवक अमनदीप वर्मा सैंपल जांच कर रहा था। युवक ने बताया कि वह पिछले दो साल से यहां काम कर रहा है। सीएमएचओ ने कहा- हॉस्पिटल में मिली खामियों की रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के निदेशक और जिला कलेक्टर सौंप दी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉ. रहेजा ने कहा- सीएमएचओ रंजिश निकाल रहे कार्रवाई के बाद डॉ. हरीश रहेजा ने आरोप लगाया कि उनका सीएमएचओ से विवाद चल रहा है। एक मामला कोर्ट में भी पेंडिंग है, जिसकी उच्च अधिकारियों द्वारा जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला रंजिश रखते हुए उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और बिना उच्च अधिकारियों को बताए कार्रवाई कर रहे हैं। डॉ. रहेजा ने चेतावनी दी कि अब आईएमए बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
