जयपुर साउथ पुलिस ने अवैध गतिविधियों की शिकायत पर सोडाला स्थित आइकोनिक स्पा सेंटर में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पा सेंटर पर मौजूद छह युवतियों से पूछताछ कर उन्हें हिदायत देकर रवाना किया। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस थाना सोडाला क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सोडाला चौराहे के पास अजमेर रोड स्थित आइकोनिक स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर एसआई जयकुमार और चेतक टीम मौके पर पहुंची तथा स्पा सेंटर की जांच की गई। चेकिंग के दौरान स्पा सेंटर में छह युवतियां और दो युवक मौजूद मिले। पुलिस ने युवतियों की गरिमा का ध्यान रखते हुए उनसे आवश्यक पूछताछ की और हिदायत देकर मौके से रवाना कर दिया। वहीं मौके पर मौजूद दोनों युवकों से पूछताछ करने का प्रयास किया गया तो वे उत्तेजित हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। पुलिस के अनुसार दोनों युवक कहने लगे कि वे वहां घूमने आए हैं और पुलिस उन्हें बेवजह परेशान कर रही है। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हुए अपनी “ऊंची पहुंच” होने की बात कही और कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मरने-मारने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोनों को बमुश्किल काबू किया और गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम उत्तम दास पुत्र खगेश्वर दास निवासी बी-16 वेद वाटिका, गोपालपुरा और शरीफ मोहम्मद पुत्र शफीक मोहम्मद निवासी शिव नगर, अशोक विहार, छापोलों की ढाणी, मुहाना बताए। दोनों आरोपियों को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अजमेर रोड स्थित आइकोनिक स्पा सेंटर में संचालित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अनैतिक गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ पृथक से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You missed