स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मोगा जिला पुलिस ने जिले की चारों सब-डिवीजनों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एस.पी संदीप सिंह मंड ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल के निर्देश पर यह फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और लगभग 200 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। फ्लैग मार्च थाना सिटी मोगा के पास से शुरू होकर मुख्य बाजार सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों से गुजरा। सुरक्षा की भावना बढ़ाना उद्देश्य एस.पी मंड के अनुसार, फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना और विश्वास बढ़ाना है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना भी इसका लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी शरारती तत्व को कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रमुख रास्तों पर 24 घंटे नाकाबंदी पुलिस ने बताया कि जिले में प्रवेश और निकास के प्रमुख रास्तों पर 24 घंटे नाकाबंदी की गई है। इन नाकों पर हर समय 5-6 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी नियमित रूप से इन नाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस की आमजन से अपील जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है और स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और नाकाबंदी कर रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया है।