गुरदासपुर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले भर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। SSP आदित्य ने बताया कि जिले में सुरक्षा के लिए लगभग 1100 पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। इनमें एसपी, डीएसपी, सभी एसएचओ, इन्वेस्टिगेशन इंचार्ज और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की कंपनियों को भी सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की निगरानी पुलिस बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों और अन्य संदिग्ध गाड़ियों पर विशेष ध्यान दे रही है। SSP ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों पर अनिवार्य रूप से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगवा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। SSP आदित्य ने जिले के निवासियों से आग्रह किया कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की और कहा कि पुलिस हर जानकारी को गंभीरता से लेकर उसकी जांच कर रही है। बॉर्डर इलाकों में विशेष जांच अभियान गुरदासपुर के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। ये अभियान सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ मिलकर किए जा रहे हैं, जिसमें सीमावर्ती क्षेत्रों में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शहर की सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए लगभग 150 नए सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं, और यह काम अभी भी जारी है। पुलिस प्रशासन ने सिविल सोसाइटी और आम जनता से भी अपने स्तर पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग करने की अपील की है।
