बारां में नगर निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर शिक्षक दिवस के अवसर पर झालावाड़ रोड स्थित आईटीआई कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा और सीईओ व नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ईएलसी सदस्यों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। ‘मतदान है लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी’
रैली से पूर्व सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने स्टूडेंट्स को निर्वाचन विभाग के ऑनलाइन एप्लीकेशंस ईसीआई नेट, केवाईसी एवं सी-विजिल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। नारों से लोगों को किया जागरूक
उपनिदेशक महेश मेहरा के नेतृत्व में निकली जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में मतदान संदेश लिखी तख्तियां लेकर 9 सितम्बर नोट करें, निर्भय हो सब वोट करें और वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। रैली झालावाड़ रोड से वार्ड संख्या 9, 10 एवं 13 होते हुए आमापुरा पहुंची। यहां विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नागरिकों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। ईवीएम मशीनों का किया पहला रेण्डमाइजेशन
इधर बारां नगर निकाय चुनाव के तहत मतदान के लिए काम में आने वाली ईवीएम मशीनों का शनिवार को पहला रेण्डमाइजेशन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक में जिले के सभी 6 निकायों में मतदान के लिए उपयोग ली जाने वाली ईवीएम की बेलट यूनिट व कंट्रोल यूनिट का निर्धारण किया गया। इसमें राज्य निर्वाचन आयोग के कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से सभी निकायों के लिए अलग अलग ईवीएम चिह्नित की गई। साथ ही सभी निकायों के लिए 15 प्रतिशत अलग से आरक्षित की गई। रेण्डमाइजेशन के माध्यम से नगर परिषद बारां में 110, अंता, छबड़ा व मांगरोल में 35-35, सीसवाली में 20, अटरू में 25 ईवीएम सहित कुल 260 ईवीएम चिह्नित की गई। साथ ही सभी निकाय क्षेत्रों के लिए 15 प्रतिशत ईवीएम आरक्षित रखी गई।
बैठक में एडीएम भंवरलाल जनागल, रिटर्निंग अधिकारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अभ्यर्थी मौजूद रहे