बूंदी कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर अपराध का महिमामंडन करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने जिले में वांछित और फरार अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अपराध को महिमामंडित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक बूंदी अनिल जोशी के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रमेशचन्द्र आर्य के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशों के बाद बूंदी पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान, एक इंस्टाग्राम आईडी पर एक युवक द्वारा हथियार के साथ फोटो पोस्ट की गई। जांच में पाया गया कि इस तरह की पोस्ट समाज में भय का माहौल पैदा करती है और युवाओं में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा देती है। कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की, उसे हिरासत में लिया और गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयान गाजी (25) पुत्र साजिद गाजी निवासी नगीना मस्जिद के पास, महावीर कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला बूंदी के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी रमेशचन्द्र आर्य, कॉन्स्टेबल रामराज और कॉन्स्टेबल नेतराम शामिल थे। पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि हथियारों के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। एसपी ने ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया, साथ ही आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

You missed